Hazaribagh: हजारीबाग जिले में नशाखोरी एवं मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटकमदाग, लोहसिंघना और ईचाक थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान ब्राउन शुगर, गांजा, नकद राशि, वाहन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.
कटकमदाग में गुप्त सूचना पर छापेमारी
16 फरवरी 2026 को कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम सुलताना स्थित डीपो शीट के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली. सूचना के सत्यापन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.
दबिश के दौरान तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ा गया. पूछताछ में उनकी पहचान मो० आफताब, मो० जुबैद उर्फ शाहरुख और सरोज कुमार के रूप में हुई. तीनों ने स्वीकार किया कि वे उदय कुमार उर्फ नवल दांगी, पवन राज वर्मा और राहुल कुमार मेहता से ब्राउन शुगर खरीदते थे. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया.
बरामदगी (कटकमदाग):
111.72 ग्राम ब्राउन शुगर
₹17,160 नकद
07 मोबाइल
02 मोटरसाइकिल
01 स्विफ्ट कार
02 माप-तौल मशीन
लोहसिंघना में विशेष अभियान
लोहसिंघना थाना क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से ब्राउन शुगर और गांजा बरामद किया गया.
बरामदगी (लोहसिंघना):
17 ग्राम ब्राउन शुगर
02 किलोग्राम गांजा
₹47,000 नकद
01 सफारी वाहन
01 ब्रेजा कार
03 मोबाइल
ईचाक में डायल-100 की सूचना पर कार्रवाई
ईचाक थाना क्षेत्र में डायल-100 से सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी (ईचाक):
07 ग्राम ब्राउन शुगर
07 मोटरसाइकिल
आपराधिक इतिहास
उदय कुमार उर्फ नवल दांगी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में 05 मामले दर्ज हैं।
इरफान अंसारी उर्फ जिगर पर 03 मामले दर्ज हैं.
बबलु कुमार पर 02 मामले दर्ज हैं.
पुलिस का सख्त संदेश
इस संयुक्त कार्रवाई में कटकमदाग, लोहसिंघना और ईचाक थाना की टीमों के साथ तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशाखोरी और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशा कारोबार से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मच गया है.