Ranchi: नक्सलियों के खिलाफ झारखंड के सारंडा जंगल में चल रहे अभियान के दौरान एक दुखद हादसा सामने आया है। तेज आंधी-तूफान ने सुरक्षा बलों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिसके बीच एक कोबरा जवान की जान चली गई।
मंगलवार देर रात बाबू डेरा कैंप के पास अचानक तेज हवा और तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ गिर गया। इस हादसे में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
झारखंड पुलिस के आईजी (अभियान) डॉ. माइकल राज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खराब मौसम के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें एक जवान की जान चली गई।
शहीद राकेश कुमार बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के धमनी गांव के निवासी थे और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन में सिपाही के पद पर तैनात थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
रांची स्थित सीआरपीएफ कैंप में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।