Ranchi: झारखंड की कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने हजारीबाग पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने गृह और उद्योग विभाग पर सवाल उठाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ये बातें उन्होंने मंत्रालय के बाहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।
FIR पर उठाए सवाल
अंबा प्रसाद ने कहा कि गृह और उद्योग मंत्रालय मुख्यमंत्री के अधीन हैं और जिले में IPS व IAS अधिकारियों की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत FIR दर्ज की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र में पहले इस तरह की कार्रवाई देखने को नहीं मिलती थी.
‘पुलिस कॉर्पोरेट के लिए काम कर रही’
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य की पुलिस जनता के बजाय कॉर्पोरेट घरानों के हित में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास जरूरी है, लेकिन वह जनता के हितों की अनदेखी करके नहीं होना चाहिए.
BNS धारा लगाने पर आपत्ति
अंबा प्रसाद ने BNS की धारा 134 लगाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब काम आउटसोर्सिंग कंपनी करा रही है, तो “सरकारी काम में बाधा” की धारा कैसे लगाई जा सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को सामान्य कानून की सही समझ नहीं है.
अधिकारियों पर गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि हजारीबाग में अपराधी प्रवृत्ति के अधिकारी तैनात हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.साथ ही यह भी आरोप लगाया कि खनन क्षेत्रों में भी इसी तरह की स्थिति बनी हुई है.