Ranchi: रांची पुलिस को लापता बच्चों की तलाश के अभियान में एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है. डोरंडा क्षेत्र से 4 फरवरी को लापता हुई 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची नेहा कुमारी टोप्पो को पुलिस ने 10 फरवरी को सकुशल बरामद कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, नेहा टोप्पो के लापता होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने डोरंडा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई. मामला दर्ज होते ही रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी रांची और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया.
इस टीम के साथ एक छापामारी दल भी बनाया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और बच्ची को आज यानी 10 फरवरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले का जल्द ही मीडिया के सामने खुलासा किया जाएगा. फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है.