Ranchi: राजधानी रांची में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों को कुचलते हुए कहर बरपाया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने कई लोगों को चपेट में लेने के बाद रुकने के बजाय और तेज रफ्तार पकड़ ली और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर कार का पीछा शुरू किया. जिले के कटहल मोड़ स्थित बास्की गांव के पास पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार ने पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया.
आत्मरक्षा में पुलिस की फायरिंग, एक युवक घायल
हालात को देखते हुए पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा और लोगों की सुरक्षा के लिए फायरिंग की. इस दौरान कार में सवार एक युवक गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार में और कितने लोग सवार थे और इस पूरी घटना के पीछे असली मकसद क्या था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार सवार न सिर्फ आम लोगों बल्कि वर्दीधारी जवानों को भी कुचलने की कोशिश कर रहा था, जिस कारण बल प्रयोग करना पड़ा.