Dhanbad: धनबाद के झरिया क्षेत्र में कोयला चोरी करने वाले गिरोहों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि अपराधी पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने से नहीं डर रहे। ताजा मामला केंदुआडीह थाना क्षेत्र के शिमलाबहाल स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास का है, जहां रविवार को सनसनीखेज घटना सामने आई।
मिली जानकारी के अनुसार, ऐना कोलियरी से बीएनआर के लिए कोयला ढुलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सक्रिय कोयला चोरों का एक समूह हाईवा वाहनों को जबरन रोककर खुलेआम कोयला उतारने लगा। मौके पर मौजूद क्राइम स्पेशल ब्रांच के एएसआई अनुज कुमार ने जब इस अवैध गतिविधि का विरोध किया, तो चोरों ने अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने एएसआई अनुज कुमार की बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान उनकी पत्नी काजल कुमारी भी मौके पर मौजूद थीं। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम स्पेशल ब्रांच के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल एएसआई और उनकी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।