Ranchi: झारखंड प्रशासनिक सेवा (जेएएस) के 17 अधिकारियों के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है। वर्ष 2024 की रिक्तियों के तहत इन अधिकारियों को आईएएस कैडर में शामिल किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है.
इस संबंध में Union Public Service Commission (यूपीएससी) ने 16 फरवरी को शाम 4:30 बजे नई दिल्ली में चयन समिति की बैठक बुलाई है. इस बैठक में झारखंड के मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव, राजस्व परिषद के सदस्य समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए नामों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों का साक्षात्कार भी लिया जाएगा.
केंद्र सरकार से रिक्तियों की स्वीकृति मिलने के बाद राज्य सरकार ने 1:3 के अनुपात में 51 अधिकारियों के नाम आयोग को भेजे हैं। चयन समिति इन 51 नामों में से 17 अधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाएगी.
बैठक में सहमति बनने के बाद भारत सरकार के कार्मिक मंत्रालय द्वारा पदोन्नति की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिकारियों का चयन उनके गोपनीय चरित्र विवरण (एसीआर/एपीएआर) और सेवा अभिलेखों के मूल्यांकन के आधार पर किया गया है.
यदि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न होती है, तो जल्द ही झारखंड को 17 नए आईएएस अधिकारी मिलेंगे.