Ranchi: झारखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार पुलिस विभाग को बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 13 मार्च को रांची स्थित झारखंड विधानसभा परिसर से झारखंड पुलिस के लिए खरीदे गए 1477 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना करेंगे। इन वाहनों के मिलने से लंबे समय से पुराने और जर्जर गाड़ियों की समस्या से जूझ रहे कई थानों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और बुधवार को इन वाहनों का रिहर्सल भी किया जाएगा।
पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई होगी बेहतर
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, कुल 1477 वाहनों में 628 चार पहिया वाहन (बोलेरो) और 849 दो पहिया वाहन (बाइक) शामिल हैं। इन वाहनों के जरिए शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम को इससे काफी मदद मिलने की उम्मीद है। नए वाहनों से अपराध नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
बड़े जिलों को ज्यादा वाहन
बढ़ती आबादी और अपराध की चुनौतियों को देखते हुए राजधानी रांची और औद्योगिक शहर जमशेदपुर को सबसे अधिक वाहन आवंटित किए गए हैं।
रांची: 80 बोलेरो और 73 बाइक
जमशेदपुर: 51 बोलेरो और 89 बाइक
बोकारो: 39 बोलेरो और 53 बाइक
धनबाद: 40 बोलेरो और 45 बाइक
चाईबासा: 40 बोलेरो और 47 बाइक
अन्य जिलों में भी होगा वितरण
इसके अलावा गिरिडीह को 32 बोलेरो और 39 बाइक, देवघर को 28 बोलेरो और 39 बाइक तथा दुमका को 20 बोलेरो और 28 बाइक दिए जाएंगे। वहीं पलामू को 31 बोलेरो और 36 बाइक तथा हजारीबाग को 29 बोलेरो और 42 बाइक आवंटित किए गए हैं।
छोटे जिलों को भी मिलेगा लाभ
सरकार ने छोटे जिलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी वाहनों का वितरण किया है। पाकुड़ को 11 बोलेरो, खूंटी को 14 और सिमडेगा को 15 बोलेरो दिए जाएंगे, साथ ही पर्याप्त संख्या में बाइक भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय की रिस्पॉन्स टीम को भी 14 बोलेरो और 42 बाइक प्रदान की जाएंगी।
इन नए वाहनों के जुड़ने से राज्य में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।