Ranchi: देश की सीमा पर शहीद हुए वीर जवानों के परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए झारखंड सरकार ने अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व वाली सरकार ने बीएसएफ के शहीद जवान संदीप सिंह की पत्नी को आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति दी है।
राज्य सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने धनबाद जिले के निवासी शहीद बीएसएफ जवान स्वर्गीय संदीप सिंह की पत्नी सीमा कुमारी को 10 लाख रुपये की विशेष अनुग्रह अनुदान राशि देने का निर्णय लिया है।
संदीप सिंह धनबाद जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। 19 दिसंबर 2021 को राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्यूटी के दौरान मोर्टार विस्फोट में वह शहीद हो गए थे। उनके पिता रघुनाथ सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में राज्य सरकार ने उनकी आश्रित पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान करने का फैसला किया है।
सरकार की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल द्वारा धनबाद उपायुक्त को भेजे गए पत्र के अनुसार, यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे शहीद की पत्नी के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए जिला कोषागार से धनराशि की निकासी धनबाद के उपायुक्त या उनके द्वारा अधिकृत अधिकारी करेंगे।