Kodarma: कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने चंदवारा थाना के एक एसआई को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना में पदस्थापित एसआई एक मामले में मदद करने के बदले शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसकी शिकायत पीड़ित ने हजारीबाग एसीबी से की। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया।
गुरुवार को जैसे ही एसआई ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी एसआई से पूछताछ की जा रही है और उसे आगे की कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले जाया जाएगा। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।