Dhanbad/Latehar: झारखंड के दो जिलों में स्थित सिविल कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गुरुवार को धनबाद और लातेहार सिविल कोर्ट को निशाना बनाकर धमकी दिए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
धनबाद सिविल कोर्ट को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। एक बार फिर अज्ञात लोगों द्वारा कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी है। कोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है।
वहीं लातेहार सिविल कोर्ट में भी धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम द्वारा पूरे कोर्ट परिसर को घेरकर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट के कमरों, वकीलों के चैंबर और परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।