Ranchi: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और झारखंड पुलिस के बीच चल रहे विवादित मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा है कि पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए।
दरअसल, मनी लॉन्ड्रिंग मामले के आरोपी संतोष कुमार ने ईडी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईडी कार्यालय में छापेमारी भी की थी। पुलिस की इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए ईडी ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने ईडी और राज्य सरकार दोनों पक्षों की दलीलें सुनी थीं और पिछली सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। बुधवार को अदालत ने फैसला सुनाते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई से जांच कराई जाए।
फिलहाल इस मामले में झारखंड पुलिस की जांच पर पहले से ही रोक लगी हुई है। हाईकोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब मामले की जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी जाएगी।