हजारीबाग: जिले में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों को एक बार फिर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार कुख्यात अमन साहू गैंग से जुड़े राहुल दुबे के नाम का इस्तेमाल कर ट्रांसपोर्टरों को फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की गई है। मामले के सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों में भय का माहौल है। वहीं धमकी भरे मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
वायरल मैसेज के मुताबिक बड़कागांव से बानादाग और चट्टी बरियातू से बचरा साइडिंग तक कोयला ढुलाई से जुड़े कुछ ट्रांसपोर्टरों को धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का सदस्य प्रकाश शुक्ला बताया है। हालांकि वायरल संदेश की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
मैसेज में ट्रांसपोर्टरों को गैंग से संपर्क कर काम करने की चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि ट्रांसपोर्टरों का काम चलता रहे, यह गैंग भी चाहता है, लेकिन अगर संपर्क नहीं किया गया तो उन्हें समझाने का तरीका भी आता है। साथ ही यह दावा किया गया है कि हजारीबाग और सिमरिया क्षेत्र में ट्रांसपोर्टरों के घर और कामकाज की पूरी जानकारी उनके पास है।
एक अन्य मैसेज में छोटू सिंह नामक व्यक्ति को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि फोन नहीं उठाने पर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक सिमरिया स्थित उसके घर तक पहुंच जाएंगे। संदेश में यह भी लिखा गया है कि जिसके भरोसे वह उछल रहा है, उसे भी गोली का मतलब पता है। इस मैसेज में ट्रांसपोर्टिंग कारोबार से जुड़े मुन्ना सिंह और छोटू सिंह का भी नाम लिया गया है।
इन धमकी भरे संदेशों के सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से न केवल कारोबार प्रभावित होता है, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा हो जाती है।