New delhi: साउथ सिनेमा के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए हैं। 36 वर्षीय विजय और 29 वर्षीय रश्मिका ने पारंपरिक तेलुगू रीति-रिवाजों से विवाह की पहली रस्में पूरी कीं। इसके बाद दोनों कोडवा परंपरा के अनुसार भी शादी करेंगे, जो रश्मिका के परिवार की मान्यताओं से जुड़ी है।
शादी समारोह की शुरुआत 24 फरवरी से हुई थी। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए पारंपरिक हल्दी और मेहंदी के साथ-साथ फ्रेंडली क्रिकेट मैच और पूल वॉलीबॉल जैसे मजेदार गेम्स भी आयोजित किए गए। कपल ने अपनी हल्दी सेरेमनी की झलक तो साझा की, लेकिन अभी तक शादी की आधिकारिक तस्वीरें सामने नहीं आई हैं। उम्मीद की जा रही है कि कोडवा वेडिंग के बाद दोनों कुछ खास तस्वीरें फैंस के साथ साझा करेंगे।
क्या है कोडवा वेडिंग की खासियत?
भारत के अलग-अलग समुदाय अपनी विशिष्ट विवाह परंपराओं के लिए जाने जाते हैं। कर्नाटक के कोडगु (कूर्ग) क्षेत्र का कोडवा समुदाय भी अपनी अनोखी सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। यहां विवाह को स्थानीय भाषा में “मंगला” कहा जाता है।
कोडवा शादी सादगी और परंपरा का सुंदर संगम होती है। अन्य हिंदू विवाहों की तरह इसमें ब्राह्मण पंडित, पवित्र अग्नि या लंबे फेरे नहीं होते। परिवार के बुजुर्ग ही सभी रस्मों का संचालन करते हैं। दूल्हा-दुल्हन अपने पूर्वजों को स्मरण करते हैं और कावेरी अम्मा (देवी कावेरी) से आशीर्वाद लेते हैं। एक पवित्र दीपक के सामने आशीर्वाद की यह प्रक्रिया इस विवाह को सरल, लेकिन भावनात्मक रूप से बेहद गहरा बनाती है।
कोडवा शादियां सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि परिवार और रिश्तों के मिलन का उत्सव मानी जाती हैं, जहां परंपरा, आनंद और अपनापन एक साथ देखने को मिलता हैं।