Dhanbad: धनबाद से भाजपा सांसद ढुलू महतो एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ताजा मामला धनबाद से मुंबई के बीच शुरू हुई नई ट्रेन के उद्घाटन के दौरान सामने आया है, जहां उनके महिला आरक्षित कोच में चढ़ने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल की रात करीब 11 बजे धनबाद रेलवे स्टेशन पर धनबाद-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित था। सांसद ढुलू महतो ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इसके बाद वे अपने समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ उसी ट्रेन में सवार हो गए और कतरास स्टेशन तक यात्रा की।
विवाद तब शुरू हुआ जब सामने आया कि सांसद जिस कोच में चढ़े थे, वह महिलाओं के लिए आरक्षित था। इतना ही नहीं, इंजन के ठीक पीछे स्थित इस बोगी के गेट पर खड़े होकर उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की। अब यही तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
इस मुद्दे को कांग्रेस नेता अशोक प्रकाश लाल ने भी उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तंज कसते हुए लिखा कि फोटो खिंचवाने की जल्दबाजी में सांसद यह तक भूल गए कि वे महिला आरक्षित डिब्बे में हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भारतीय रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 162 के तहत कोई कार्रवाई करेंगे।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और लोगों की नजर अब रेल मंत्रालय की प्रतिक्रिया पर टिकी है।