Hazaribagh: हजारीबाग में आगामी ऐतिहासिक रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में जिले में सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक प्रदर्शन करते हुए फ्लैग मार्च निकाला गया.
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से निगरानी रखी गई और लोगों से शांति व भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई.
इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर मॉक ड्रिल भी किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया जा सके. प्रशासन का कहना है कि पर्व-त्योहार के दौरान शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.