Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के कथारा प्रोजेक्ट अंतर्गत स्वांग कोल वाशरी में रविवार को भीषण आग लग गई. आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना शिफ्ट परिवर्तन के समय हुई, जिससे वहां मौजूद मजदूरों की संख्या कम थी और एक बड़ा हादसा टल गया.
मेंटेनेंस के दौरान उठी चिंगारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट की डीसेलिनेटिंग ओवर साइज बिल्डिंग में स्थित बी-6 कन्वेयर बेल्ट पर रखरखाव का कार्य चल रहा था. इसी दौरान अचानक चिंगारी उठी और रबर की बेल्ट ने आग पकड़ ली. शिफ्ट बदलने की वजह से शुरुआत में किसी का ध्यान आग की ओर नहीं गया. जब धुआं और लपटें तेज हुईं, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी.
काले धुएं से घिरा इलाका, दमकल की मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और फॉग मशीनें मौके पर पहुंचीं. रबर बेल्ट में आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में घना काला धुआं फैल गया, जिससे दमकल कर्मियों को अंदर घुसकर आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हुई.
वाशरी प्रबंधन और कर्मचारी भी राहत-बचाव कार्य में जुटे रहे। शुरुआती आकलन के मुताबिक आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.