Ranchi: आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में एजेंसी ने एक बार फिर ऑटोमोबाइल कारोबारी Vinay Singh और उनकी पत्नी Snigdha Singh को पूछताछ के लिए ACB मुख्यालय बुलाया है। दोनों को सोमवार को एजेंसी के सामने उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले ACB ने बुधवार और गुरुवार को भी दोनों से लंबी पूछताछ की थी। हालांकि अधिकारियों के अनुसार उस दौरान पूछे गए कई सवालों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया, जिसके बाद एजेंसी ने दोबारा पूछताछ का फैसला लिया है।
यह मामला जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी Vinay Choubey से जुड़ा हुआ है। इस केस में उनकी पत्नी Swapna Sanchita, कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भी ACB ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच के दौरान एजेंसी को अब तक कई बेनामी और महंगी संपत्तियों की जानकारी मिली है। ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।