Bokaro: बोकारो स्टील निर्माण काल से चली आ रही बसंत मेले की परंपरा के तहत इस वर्ष भी दो दिवसीय बसंत मेला का शुभारंभ सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में धूमधाम से किया गया। मेले का उद्घाटन Bokaro Steel Plant के निदेशक प्रभारी प्रियरंजन ने फीता काटकर और झंडा फहराकर किया।
बसंत मेले में खान-पान के विविध स्टॉल के साथ-साथ बोकारो स्टील के विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इन मॉडलों के माध्यम से लोगों को प्लांट की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है। मेले में बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र के निवासियों के अलावा आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी प्रियरंजन ने कहा कि बसंत मेला लोगों से जुड़ने और संवाद का एक बेहतर मंच है। टाउनशिप में आयोजित इस मेले का उद्देश्य है कि लोग एक-दूसरे से मिलें, प्लांट की गतिविधियों को समझें और आपसी भाईचारे को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि बसंत ऋतु के साथ ही रंगों का त्योहार होली भी आता है, जो प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना ही बोकारो स्टील का मुख्य उद्देश्य है।