Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में दो और तीन सितंबर 2026 को रांची में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार का विषय होगा – “Voter Registration and Voter Registers”।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में देश-विदेश के शिक्षाविद, प्रोफेशनल्स, नीति-निर्माता और विषय विशेषज्ञ भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सेमिनार में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 30 अप्रैल तक अपने शोध-पत्र और विचार प्रस्तुत करने होंगे। चयनित प्रतिभागियों को 17 मई तक सूचित किया जाएगा। इसके बाद उन्हें अपने शोध की पूर्ण प्रति 24 जुलाई तक जमा करनी होगी। उपयुक्त पाए गए प्रतिभागियों को सेमिनार में अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इस आयोजन में केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखण्ड सहभागिता निभाएगा। वहीं नॉलेज पार्टनर के रूप में आईआईएम रांची, सेंट जेवियर कॉलेज रांची और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ रांची सहयोग करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह के सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके लिए कुल 26 विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक राज्य को अलग-अलग विषय सौंपे गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का अंतरराष्ट्रीय सेमिनार झारखंड में आयोजित होना राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।