रांची: होली पर्व से ठीक पहले अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू इलाके में छापेमारी कर टीम ने एक मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद उमाशंकर सिंह के निर्देश पर की गई। जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को उत्पाद विभाग के अधिकारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में टीम ने हिनू में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रौनक शर्मा के घर में चोरी-छिपे संचालित की जा रही मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से कई पेटी तैयार शराब के साथ-साथ शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला उपकरण और कच्चा माल भी बरामद किया गया।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।