Ranchi: राजधानी में देर रात हुई हिंसक घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया. सड़कों पर खुलेआम मारपीट, गाड़ी से कुचलने की कोशिश और पुलिस को टक्कर मारकर भागने की कोशिश करने वाले अब कानून के शिकंजे में हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरफान अंसारी (30) और इस्तियाक अंसारी (25) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है.
किन्नरों से विवाद के बाद बेकाबू हुई हिंसा
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि किसी बात को लेकर दोनों युवकों का किन्नरों से विवाद हो गया. पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि दोनों ने किन्नरों को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद गुस्से में आकर बोलेरो से उन्हें कुचलने की कोशिश की गई.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, 2 से 3 बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.