Ranchi: झारखंड विधानसभा के षष्ठम सभा का पंचम (बजट) सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है. सत्र को शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विधानसभा परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने की.
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राधा कृष्ण किशोर और प्रदीप यादव समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि सदन की कार्यवाही सुव्यवस्थित ढंग से चले और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर व सार्थक चर्चा हो.
सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील
अध्यक्ष ने सभी दलों से संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए बहस में भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बजट सत्र राज्य के विकास, योजनाओं और जनसरोकार के विषयों पर विस्तृत विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए समय का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित अधिकारियों को सत्र के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए.
सत्ता–विपक्ष ने रखा अपना पक्ष
सत्ता पक्ष ने सरकार की उपलब्धियों और आगामी बजट की प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रखने की बात कही. वहीं विपक्ष ने राज्य के ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकेत दिया. हालांकि, सभी दलों ने एकमत से आश्वासन दिया कि वे सदन की कार्यवाही को बाधित नहीं करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करेंगे.
सर्वदलीय बैठक के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि बजट सत्र रचनात्मक और व्यवस्थित माहौल में संपन्न होगा, भले ही राजनीतिक सरगर्मी तेज रहने की संभावना है.