रांची: ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के आरोपी रिटायर्ड इंजीनियर इन चीफ राजीव लोचन और रिटायर्ड एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अनिल कुमार ने रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
सरेंडर के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को सशर्त जमानत दे दी। कोर्ट ने एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मंजूर करते हुए पासपोर्ट जमा करने और बिना अनुमति देश छोड़कर नहीं जाने की शर्त लगाई है।
इधर, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले में लगातार कार्रवाई तेज कर रहा है। एजेंसी ने हाल ही में प्रमोद कुमार समेत 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। इस पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने सभी आरोपियों के विरुद्ध समन जारी कर दिया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।