Bokaro: बोकारो में युवती के लापता होने के मामले ने अब गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है। इस मामले में मां रेखा देवी द्वारा दायर हेबियस कॉर्पस याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को आज शाम 4 बजे तक सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने संदिग्ध दिनेश महतो को हिरासत में लेने के बजाय उनके परिजनों को प्रताड़ित किया। विशेष रूप से रेखा देवी के ससुर संपत महतो को उठाकर हवालात में मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया।
अधिवक्ता विंसेट रोहित मार्की ने अदालत को बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार के अन्य सदस्य भी भय और दबाव में हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने संपत महतो के इलाज से जुड़े सभी दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया।
घटना पर नाराजगी जताते हुए हाई कोर्ट ने डीजीपी से पूरे मामले में जवाब तलब किया है और व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।