सुबह कोहरा, दिन में साफ आसमान
13 फरवरी से राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिलेगा, खासकर ग्रामीण इलाकों में दृश्यता थोड़ी कम रह सकती है. हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ हो जाएगा और धूप लोगों को राहत देगी. विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में बारिश या तेज हवा की कोई संभावना नहीं है, यानी मौसम फिलहाल शांत ही रहेगा.
दो दिन और गिरेगा पारा
अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसका मतलब है कि रातें और ठंडी होंगी. इसके बाद करीब तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. यानी दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का सिलसिला जारी रहेगा.
19 फरवरी तक कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग ने 13 से 19 फरवरी तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा. किसानों के लिए भी यह समय अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि न बारिश का खतरा है और न ही आंधी-तूफान की आशंका। हालांकि सुबह और देर रात ठंड से बचने की सलाह जरूर दी गई है.
रांची में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. सुबह कोहरा और दिन में साफ आसमान—यही पैटर्न 17 फरवरी तक देखने को मिलेगा. 18 और 19 फरवरी को भी मौसम शुष्क ही बना रहेगा.
कहां कितना रहा तापमान
बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम पूरी तरह सूखा रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 32.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा रहा. डालटनगंज में 31.0°C और सरायकेला में 31.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे ठंडा
गुमला रहा, जहां पारा 8.3°C तक गिर गया. जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 13.2°C दर्ज किया गया. कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री तक कम रहा.
दिन गर्म, रात ठंडी – फिलहाल ऐसा ही रहेगा हाल
कुल मिलाकर राज्य में मौसम फिलहाल संतुलित और स्थिर बना हुआ है। दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंड का एहसास बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक सुबह कोहरा और दिन में खिली धूप का यही सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है.