Ranchi: राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों के 87 वांटेड अपराधियों की सूची जारी की गई है। इन अपराधियों पर हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि इन अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस को सूचित करें।
दूसरे राज्यों से जुड़े अपराधियों पर भी नजर
पुलिस द्वारा जारी सूची में केवल झारखंड के अपराधी ही नहीं, बल्कि ऐसे अपराधियों के नाम भी शामिल हैं जो अपराध करने के बाद बिहार, पश्चिम बंगाल और हरियाणा जैसे राज्यों में जाकर छिप जाते हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाते हुए कार्रवाई की योजना बनाई है।
कई जिलों के अपराधी सूची में शामिल
जारी सूची में राज्य के जमशेदपुर, रांची, चाईबासा, हजारीबाग, सरायकेला, देवघर, लातेहार, पलामू, गढ़वा, बोकारो, लोहरदगा, खूंटी, गिरिडीह, गुमला, कोडरमा, जामताड़ा और दुमका समेत 18 जिलों के अपराधियों के नाम शामिल हैं।
इनमें रंजन मिश्रा, सूरज सिंह, अनवर अली, लखन सिंह, मजहर अंसारी, गुलशन बिरुली, उमेश दास, गुड्डू भुइयां, गौरव खबारे, मो. अफरोज, राजू मुंडा, आलोक भगत, केशव कुमार, इंदर मंडल, शोएब मिर्धा, महावीर यादव, किशोर मंडल और कारु सहित कई अन्य अपराधी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और जल्द ही इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनता से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि राज्य में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।