Palamu: झारखंड के पलामू जिले में पांच साल पुराना एक अनोखा मामला फिर से चर्चा में आ गया है. वर्ष 2021 में हुई एक मुर्गी की मौत को लेकर अब 2026 में पुलिस ने जांच शुरू की है. इस मामले में गांव के मुखिया और उसके बटाईदार पर मुर्गी की हत्या और मारपीट का आरोप लगाया गया है.
यह पूरा मामला पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव का है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में गांव में अंधविश्वास को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक महिला पर हमला किया गया था. महिला ने पड़ोस की तीन महिलाओं पर मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उस समय पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.
बताया जाता है कि मारपीट की घटना से पहले गांव के मुखिया ने दोनों पक्षों के बीच पंचायत कर समझौता कराने की कोशिश की थी. आरोप है कि इसी दौरान भुक्तभोगी महिला की मुर्गी चरते-चरते मुखिया के खेत में चली गई, जहां उसकी मौत हो गई. मुर्गी के मालिक ने मुखिया और उसके बटाईदार पर हत्या का आरोप लगाया.
शिकायतकर्ता का कहना है कि उस समय मुखिया और बटाईदार ने मुर्गी की मौत को “भूत-प्रेत” से जोड़ते हुए कहा था कि वे मुर्गी खा लेंगे और जुर्माना भरने को तैयार हैं. हालांकि महिला ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और कानूनी कार्रवाई की राह चुनी.
अब पांच साल बाद, 2026 में तरहसी थाना पुलिस ने पूरे मामले की दोबारा जांच शुरू की है। पाटन के इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने बताया कि मुर्गी की मौत और उससे जुड़े मारपीट के मामले में शिकायत दर्ज है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामला 2021 में अंधविश्वास से जुड़ी मारपीट की घटना से संबंधित है.
गांव में इस पुराने मामले के फिर से खुलने के बाद चर्चा तेज हो गई है, वहीं पुलिस जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आएगी.