Ranchi: झारखंड उच्च न्यायालय में लोकायुक्त, सूचना आयुक्त एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं में रिक्त पदों पर नियुक्ति से संबंधित याचिका पर माननीय मुख्य न्यायमूर्ति की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को अवगत कराया गया कि इस मामले में 25 मार्च को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक निर्धारित की गई है, जिसमें रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।
खंडपीठ ने सरकार के इस पक्ष को दर्ज करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 1 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है। इस दिन मामले पर विस्तृत सुनवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि लोकायुक्त, सूचना आयुक्त समेत अन्य संवैधानिक संस्थाओं में लंबे समय से रिक्त पदों को लेकर दायर याचिका में शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई है, ताकि संस्थाओं का कामकाज सुचारू रूप से संचालित हो सके।