Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडा चौक स्थित एक आभूषण दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात उड़ा लिए।
दुकान संचालक अशोक भदानी ने बताया कि वह बीते मंगलवार से दुकान बंद कर Jamshedpur गए हुए थे। शनिवार को जब वह Jhumri Tilaiya लौटे और दुकान खोली, तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। निरीक्षण करने पर पश्चिम दिशा की दीवार में सेंधमारी के स्पष्ट निशान दिखाई दिए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में रखे सभी सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुकान चार-पांच दिनों से बंद थी, इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी किस दिन हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इलाके में इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द खुलासा करने का दावा किया है।