रांची: ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले में दो आरोपियों ने सोमवार को रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में रिटायर्ड इंजीनियर इन चीफ सुरेंद्र कुमार और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रमेश ओझा शामिल हैं।
अदालत में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को सशर्त जमानत दे दी गई। कोर्ट ने एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके, पासपोर्ट जमा करने और बिना अनुमति देश नहीं छोड़ने की शर्त पर उनकी जमानत याचिका स्वीकार की।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले ही प्रमोद कुमार समेत 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल कर चुका है। अदालत ने आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों को समन जारी किया है।
फिलहाल इस मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।