Ranchi: झारखंड सचिवालय सेवा के कर्मियों में सरकार के कार्मिक विभाग को लेकर नाराज़गी बढ़ती जा रही है. कर्मियों का कहना है कि उन्हें पदोन्नति (प्रमोशन) तो दे दी जाती है, लेकिन पदोन्नति के अनुरूप पोस्टिंग नहीं मिलती. नतीजा यह है कि ऊंचे पद पर प्रमोट होने के बावजूद उन्हें जूनियर पद पर ही काम करना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि पहले सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि प्रमोशन मिलने के बाद अधिकारियों को उसी स्तर की पोस्टिंग दी जाएगी, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है. इसी मुद्दे को लेकर अब झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है.
19 में से 9 संयुक्त सचिवों के साथ हो रहा है भेदभाव
संघ की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सचिवालय सेवा के कुल 19 संयुक्त सचिवों में से 9 ऐसे हैं, जिन्हें अवर सचिव से उप सचिव और फिर उप सचिव से संयुक्त सचिव के पद पर प्रमोशन तो मिल चुका है, लेकिन अब तक उन्हें उसी स्तर की जिम्मेदारी नहीं दी गई है. ये अधिकारी आज भी जूनियर पोस्ट पर ही सेवाएं दे रहे हैं. पत्र में उन तमाम विभागों का भी जिक्र किया गया है, जहां इस तरह की स्थिति बनी हुई है. संघ ने इसे कर्मियों के साथ “सौतेला व्यवहार” बताते हुए सरकार से जल्द से जल्द इस त्रुटि को सुधारने और प्रमोशन के अनुरूप पोस्टिंग देने की मांग की है.