Ranchi: निकाय चुनाव के दौरान राज्य के प्रमुख अख़बारों में मइयाँ योजना की लाभुकों को बिना गारंटी 20 हजार रुपये तक लोन देने से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित होने पर भाजपा ने आपत्ति जताई है. इस मामले को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य में निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है और इसके साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है. इसके बावजूद सरकार आचार संहिता को मानने को तैयार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर आचार संहिता के दौरान यह खबर प्रकाशित करवाई गई है. भाजपा का आरोप है कि सरकार मइयाँ योजना को चुनाव से जोड़कर महिलाओं को प्रलोभन देकर मतदान को प्रभावित करना चाहती है. प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मांग की कि इस खबर के पीछे जिम्मेदार अधिकारी या पदाधिकारी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए. भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि सरकार ने यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं कराया, जबकि भाजपा लगातार इसकी मांग करती रही है. ज्ञापन सौंपे जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है. इस प्रतिनिधिमंडल में अशोक बड़ाईक और सीमा सिंह भी शामिल थे.