पलामू : डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज की छत पर गुरुवार तड़के लगभग 2 बजे एक व्यक्ति चढ़ गया। इस घटना से रेलवे प्रशासन और जीआरपी के जवानों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। उसे नीचे उतारने के लिए स्टेशन प्रबंधन और स्थानीय लोग लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन युवक नीचे आने को तैयार नहीं था। आशंका थी कि कोई नजदीक गया तो वह छलांग लगा सकता है। एहतियात के तौर पर दमकल विभाग को भी मौके पर बुला लिया गया। करीब 8 घंटे चले इस घटनाक्रम का अंत गुरुवार सुबह 10:30 बजे हुआ। जीआरपी के सब इंस्पेक्टर सुरेश पासवान ने हिम्मत दिखाते हुए दो टेंपो चालकों की मदद से छत पर चढ़कर युवक को सुरक्षित उतार लिया। इस दौरान डर बना रहा कि कहीं वह युवक उन्हें धक्का न दे दे, लेकिन साहस और संयम से काम लेते हुए पासवान ने उसे काबू कर लिया।
उसे नीचे उतारकर जीआरपी थाना कार्यालय लाया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मांगीलाल, पिता का नाम परवर सिंह बताया। वह मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले का निवासी है और पुताई का काम करता है। उसने बताया कि वह बिहार के औरंगाबाद में मजदूरी कर रहा था, लेकिन घर जाने की अनुमति नहीं मिलने से परेशान होकर वहां से भाग निकला। उसका बैग और अन्य सामान औरंगाबाद में ही रह गया है।
जीआरपी ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जो स्विच ऑफ मिला। युवक ने अपने घर का नंबर भी दिया है, जिस पर संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई जीआरपी थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में हुई। प्रारंभिक कागजी कार्रवाई के बाद संभावना है कि जीआरपी और आरपीएफ की टीम युवक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचा देगी।