Ranchi: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक कामकाज को सुचारू रखने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। सरकार ने 14 मार्च (शनिवार) को राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में घोषित अवकाश को रद्द कर दिया है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक इस दिन सचिवालय, उससे जुड़े कार्यालयों और राज्य सरकार के अन्य सभी विभागों के दफ्तर खुले रहेंगे, जहां सामान्य तौर पर शनिवार को छुट्टी रहती है।
दरअसल, इन दिनों झारखंड विधानसभा का पंचम यानी बजट सत्र चल रहा है। यह सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक निर्धारित है। इसी क्रम में 14 मार्च (शनिवार) को भी विधानसभा की बैठक तय की गई है।
विधानसभा सत्र के दौरान होने वाले महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के समय पर निष्पादन और सरकारी कार्यों में किसी तरह की देरी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने 14 मार्च को कार्य दिवस घोषित करने का निर्णय लिया है।