Latehar: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी (CPI-Maoist) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार नक्सलियों में 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइया और 2 लाख रुपये का इनामी बबलू राम शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइया लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और उस पर अलग-अलग थानों में कुल 104 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक AK-56 राइफल, वॉकी-टॉकी, लेवी की रकम समेत अन्य सामान बरामद किया है। बताया जा रहा है कि दोनों नक्सली क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और लेवी वसूलने जैसे कामों में सक्रिय थे।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनसे कई अहम जानकारियां भी मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इलाके में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करने की बात कही है।