Ranchi: खेलगांव थाना क्षेत्र के आनंद विहार में 19 फरवरी को हुई आसिफ अंसारी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा रांची पुलिस ने कर दिया है। यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि 15-16 साल पुराने प्रेम प्रसंग से उपजी ईर्ष्या और बदले की भावना का परिणाम थी। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच करते हुए पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया।
क्या है मामला?
19 फरवरी की सुबह करीब 6:45 बजे आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर पर गहरे जख्म के निशान थे। बाद में मृतक की पहचान कांटाटोली के रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी (पिता: मो. इरफान अली) के रूप में हुई।
पुलिस ने खेलगांव थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया।
16 साल का प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक आशिफ अंसारी का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी बिउला के पति जोन्सन मिंज को थी। लंबे समय से चल रहे इस संबंध को लेकर जोन्सन मिंज मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था।
8 लाख की सुपारी देकर रची गई साजिश
पत्नी के प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए जोन्सन मिंज ने अपने सहयोगी दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत:
प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये
प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये
दीपक अग्रवाल को लगभग 4 लाख रुपये
सुपारी के तौर पर दिए गए।
इसके बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जोन्सन मिंज, उसकी पत्नी बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।