Palamu: झारखंड के पलामू जिला में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 150 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए. सभी बच्चों की उम्र पांच से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष कैंप लगाकर इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और कई को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है.
घटना पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका स्थित रघुआखाड़ गांव की है, जहां महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला आयोजित किया गया था. रविवार को मेले में गोलगप्पा खाने के बाद देर रात से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई. सोमवार सुबह तक करीब 25 बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली, लेकिन शाम होते-होते यह संख्या 150 के पार पहुंच गई.
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और तत्काल चिकित्सा शिविर शुरू किया गया. बीमार बच्चे द्वारिका समेत आसपास के तीन-चार गांवों के हैं. बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अस्पताल पहुंच गए.
स्थानीय निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद वह बीमार हो गया. प्रारंभिक इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार है. स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है.