Chatra: चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जवाहर नवोदय विद्यालय के पास स्थित जंगल में एक 50 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान किशुनपुर मोहल्ला निवासी गीता देवी (50 वर्ष), पत्नी शीतल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गीता देवी सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रोज की तरह महुआ चुनने के लिए घर से पास के जंगल गई थीं। लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने टॉर्च लेकर जंगल में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद रात करीब एक बजे एक महुआ पेड़ के नीचे गीता देवी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
मौके का दृश्य बेहद भयावह था। अज्ञात हमलावरों ने महिला पर टांगी से कई वार किए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस जघन्य हत्या के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।