Bokaro: जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बढ़ते नजर आ रहे हैं। बोकारो के एक प्रमुख लोहा व्यवसायी रितेश सिंह से फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस मामले में व्यवसायी ने सोमवार को बोकारो सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार रितेश सिंह के मोबाइल पर आए एक धमकी भरे कॉल में कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रकाश शुक्ला बताया। उसने दावा किया कि वह कुख्यात अमन साहू और राहुल दुबे गैंग से जुड़ा हुआ है। फोन पर अपराधी ने कहा कि उन्हें व्यवसायी की गतिविधियों की पूरी जानकारी है और वह काले रंग की गाड़ी से चलते हैं।
धमकी देने वाले ने साफ कहा कि यदि पांच करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो व्यवसायी या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, अपराधी ने यह भी कहा कि उनकी गाड़ी को खून से लाल कर दिया जाएगा।
इस धमकी के बाद व्यवसायी और उनका परिवार काफी दहशत में है। हालांकि रितेश सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बोकारो सिटी थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।
अपने आवेदन में उन्होंने यह भी बताया है कि अपराधियों द्वारा उनके ठिकानों की रेकी किए जाने की आशंका है, जिससे उनके और उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।