हजारीबाग: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक स्टोन लोड हाईवा को रोककर उसमें आग लगा दी। इस घटना में हाईवा का इंजन और चेसिस पूरी तरह जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के होरम–हरली पथ स्थित मुड़कट्टी चौराहे के पास रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। बताया जाता है कि हाईवा इचाक से पत्थर लोड कर हरली गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मुड़कट्टी चौराहे के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर हाईवा को रोक लिया। इसके बाद चालक को जबरन नीचे उतारकर वाहन के इंजन और चेसिस में आग लगा दी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवा का इंजन व चेसिस पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अग्निशमन दल को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे हाईवा का डाला जलने से बच गया।
गौरतलब है कि हाल ही में क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को लाइन हाजिर किया गया था और दीपक कुमार सिंह को नया थाना प्रभारी बनाया गया था। लेकिन प्रभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद इस तरह की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।